एसीबी ने बुधवार को जयपुर कलेक्ट्रेट में कार्रवाई करते हुए एडीएम ईस्ट के पीए मुकेश चौधरी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गई गाड़ियों के बिल पास कराने की एवज में यह रिश्वत ली थी।
एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि एक फर्म संचालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान उपलब्ध कराई गई गाड़ियों के बिल पास कराने के बदले एडीएम ईस्ट के पीए मुकेश चौधरी 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान कर रहा है। शिकायत के आधार पर डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद बुधवार को एएसपी सुनील सिहाग के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी अब इस रिश्वतकांड में अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मुकेश चौधरी ने रिश्वत अपने लिए ली थी या इसमें किसी अन्य अधिकारी की भी संलिप्तता है। सत्यापन के दौरान आरोपी ने परिवादी से कहा था, "दोस्ती अपनी जगह और काम अपनी जगह... मुझे ऊपर भी देना होता है।"