राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम प्रस्तुत कर दिया है. सरकार की ओर से दाखिल शेड्यूल के मुताबिक पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 से शुरू करने का प्रस्ताव है. पूरे चुनाव कार्यक्रम को लगभग 54 दिनों में पूरा करने की योजना बनाई गई है. हाईकोर्ट में पेश किए गए प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को पंचायत चुनाव की औपचारिक घोषणा की जाएगी. इसके बाद 28 सितंबर को संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन सहित अन्य चुनावी प्रक्रियाएं शुरू हो जाएंगी.
नामांकन और नाम वापसी का शेड्यूल
प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. इसके बाद 3 अक्टूबर को सभी नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी. वहीं 5 अक्टूबर को उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा और अंतिम उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी जाएगी.
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव चार चरणों में
राजस्थान में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे. पहले चरण का मतदान 13 अक्टूबर, दूसरे चरण का 23 अक्टूबर, तीसरे चरण का 29 अक्टूबर और चौथे व अंतिम चरण का मतदान 3 नवंबर को प्रस्तावित है. सभी चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा.
पंच और सरपंच चुनाव का कार्यक्रम
पंच और सरपंच पदों के लिए भी मतदान चार चरणों में आयोजित किया जाएगा. पहले चरण के लिए 14 अक्टूबर, दूसरे चरण के लिए 24 अक्टूबर, तीसरे चरण के लिए 30 अक्टूबर और चौथे चरण के लिए 4 नवंबर को मतदान कराया जाएगा. सभी चरणों में मतदान निर्धारित समय के अनुसार संपन्न होगा.
उपसरपंच, प्रधान और प्रमुख चुनाव का कार्यक्रम
प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उपसरपंच पद के चुनाव भी चार चरणों में कराए जाएंगे. पहले चरण के लिए 15 अक्टूबर, दूसरे चरण के लिए 25 अक्टूबर, तीसरे चरण के लिए 31 अक्टूबर और चौथे चरण के लिए 5 नवंबर 2026 को मतदान प्रस्तावित है.
वहीं, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनावों की मतगणना 12 नवंबर 2026 को कराई जाएगी, जिसके बाद सभी परिणाम घोषित किए जाएंगे.
इसके बाद प्रधान और जिला प्रमुख के चुनाव के लिए 14 नवंबर को मतदान कराया जाएगा. वहीं उपप्रधान और उपप्रमुख के चुनाव 15 नवंबर को संपन्न होंगे. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राजस्थान में पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया 23 सितंबर से शुरू होकर 15 नवंबर 2026 तक पूरी किए जाने की योजना है, जिसका विस्तृत शेड्यूल राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया है.