राजस्थान के झालावाड़ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और बाल विवाह की हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, 17 साल की किशोरी की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ करीब दोगुनी उम्र के व्यक्ति से कराई गई थी। आरोप है कि शादी के नाम पर उसके पिता और मामा ने 4 लाख रुपए लिए। शादी के बाद कथित प्रताड़ना और पाबंदियों से परेशान किशोरी ने अपने पति की हत्या करवाने के लिए एक युवक से संपर्क किया। युवक की ओर से पुलिस को चैट और डिजिटल सबूत सौंपे जाने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। पुलिस ने किशोरी के पिता, मामा और कथित पति को गिरफ्तार किया है। आखिर शादी के नाम पर क्या हुआ था समझौता और स्टांप पेपर पर ऐसी कौन-सी शर्तें लिखवाई गई थीं, जिन्होंने किशोरी की जिंदगी को कैद बना दिया?
शादी के नाम पर 4 लाख रुपए, अपनी ही बेटी का सौदा करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, किशोरी के पिता और मामा ने उसकी शादी उसकी इच्छा के खिलाफ करीब दोगुनी उम्र के व्यक्ति से कराई। आरोप है कि इस शादी के बदले 4 लाख रुपए लिए गए। जिस रिश्ते से किशोरी को सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए था, उसी रिश्ते ने उसकी जिंदगी को मुश्किलों में डाल दिया।
भागने से रोकने के लिए स्टांप पेपर पर लिखवाई गईं शर्तें
किशोरी ने इस शादी से निकलने की इच्छा जताई, लेकिन कथित तौर पर उसे बताया गया कि उसका सौदा हो चुका है। पुलिस के अनुसार, नोटरी के सामने स्टांप पेपर पर एक समझौता भी तैयार कराया गया। इसमें शर्त थी कि यदि किशोरी बिना बताए कहीं जाती है या घर से भागती है, तो उसके पिता को 4 लाख रुपए देने होंगे। उसके आने-जाने और मोबाइल फोन रखने पर भी पाबंदियां लगाई गई थीं।
सोशल मीडिया पर मैसेज से खुला हत्या की सुपारी का मामला
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को झालावाड़ एसपी कार्यालय में एक गोपनीय शिकायत मिली। शिकायतकर्ता युवक ने बताया कि किशोरी ने सोशल मीडिया पर उससे पूछा कि क्या वह किसी की हत्या करवा सकता है। बातचीत के दौरान उसने एक व्यक्ति की फोटो भेजकर उसे मरवाने के बारे में पूछा। युवक को पता चला कि वह व्यक्ति किशोरी का कथित पति है। इसके बाद उसने चैट के स्क्रीनशॉट और डिजिटल साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मानव तस्करी और बाल विवाह की धाराएं जोड़ीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और किशोरी के पिता, मामा तथा कथित पति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच में नाबालिग की खरीद-फरोख्त और शोषण से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद मानव तस्करी, शोषण और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, कथित प्रताड़ना और दबाव के चलते किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास भी किया था। यह मामला बाल विवाह, नाबालिगों के अधिकारों और विवाह के नाम पर कथित खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लाता है।