जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला मोना जाटव की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवराज सिंह उर्फ दीपक को भरतपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों करीब एक साल से साथ रह रहे थे और टिफिन सेंटर चलाते थे। आरोपी को शक था कि मोना किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। पुलिस ने उसे भरतपुर के बी. नारायण गेट से गिरफ्तार किया।
फ्लैट में मिला था महिला का शव
जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित आमोर रेजीडेंसी के एक किराए के फ्लैट में सोमवार सुबह मोना जाटव का शव मिला था। मोना भरतपुर निवासी युवराज सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों टिफिन सेंटर चलाकर गुजारा करते थे। पुलिस के अनुसार, रविवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला की हत्या कर आरोपी फरार हो गया।
किसी दूसरे से बातचीत करने के शक में हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ के अनुसार, युवराज को शक था कि मोना किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के दौरान आरोपी ने मोना की हत्या कर दी। मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मोबाइल बंद कर बसों में घूमता रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा। वह दिल्ली, आगरा और भरतपुर के बीच बसों से सफर कर रहा था। गुरुवार रात दिल्ली भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे भरतपुर के बी. नारायण गेट से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों पहले से शादीशुदा, दोनों के दो-दो बच्चे
पुलिस के मुताबिक, मोना जाटव पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे हैं। उसका बड़ा बेटा ननिहाल में रहता था, जबकि छोटा बेटा उसके साथ रहता था। वहीं, युवराज भी शादीशुदा है और उसके भी दो बच्चे हैं। पत्नी से अलग रहने के बाद वह मोना के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।