चाय के साथ बिस्किट खाने वालों के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एक निजी बिस्किट निर्माता कंपनी के प्लांट में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने और बिस्किट निर्माण में पशु चारे के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इसके बाद कंपनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, नेपाल में भी संबंधित बिस्किट के आयात और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। दूसरी ओर, सवाई माधोपुर जिले में अब तक संबंधित बिस्किट के सैंपल नहीं लिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जल्द सैंपल लेने की बात कही है।
बिस्किट निर्माण प्लांट में मिलीं गंभीर खामियां
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से बिस्किट निर्माता कंपनी के प्लांट का निरीक्षण किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, जांच में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। बिस्किट निर्माण में पशु चारे के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। इसके बाद नियामक ने कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
नेपाल में आयात और बिक्री पर प्रतिबंध
भारत में कार्रवाई के बाद नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने भी संबंधित बिस्किट को लेकर कदम उठाया। विभाग ने इसे घटिया गुणवत्ता का बताते हुए इसके आयात, बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी। व्यापारियों और आयातकों को निर्देश दिए गए कि बाजार और गोदामों में मौजूद स्टॉक को वापस लेकर बिक्री से हटाया जाए।
सवाई माधोपुर में अब तक नहीं लिए गए सैंपल
दूसरी ओर, सवाई माधोपुर जिले के बाजारों में संबंधित कंपनी के बिस्किट की बिक्री जारी होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अब तक उत्पाद के नमूने नहीं लिए गए हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर खाद्य सुरक्षा की निगरानी और विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विभाग ने जल्द सैंपल लेने की कही बात
सवाई माधोपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेदप्रकाश पूर्विया ने कहा कि विभाग मिलावटी सामान के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है और जल्द ही बिस्किट के सैंपल लिए जाएंगे। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल कुमार जैमिनी ने कहा कि यदि मामले में अनियमितता पाई जाती है, तो उत्पाद के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी और परिणाम के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।