राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 के बीच बाड़मेर जिले की गालाबेरी ग्राम पंचायत से एक बेहद दिलचस्प चुनावी मुकाबला सामने आया है। यहां सरपंच पद के लिए मैदान में उतरीं दो महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला इतना कांटे का रहा कि मतगणना में दोनों को बराबर-बराबर 614 वोट मिले। चार बार दोबारा मतगणना कराने के बावजूद नतीजा नहीं बदला। आखिरकार लॉटरी से जीत का फैसला हुआ और पूनम कुमारी सरपंच निर्वाचित हुईं।
दोनों उम्मीदवारों को मिले 614- 614 वोट
बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति की गालाबेरी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मुख्य मुकाबला महदू देवी (पत्नी अचलाराम) और पूनम कुमारी (पत्नी दुर्गेश कुमार) के बीच था। मतगणना पूरी होने पर दोनों प्रत्याशियों को 614-614 वोट मिले। बराबर मत मिलने से निर्वाचन केंद्र पर असमंजस की स्थिति बन गई।
चार बार हुई रिकाउंटिंग, फिर भी नहीं बदला आंकड़ा
दोनों प्रत्याशियों के बराबर वोट आने के बाद निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में दोबारा मतगणना करवाई गई। पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी बार गिनती होने के बावजूद दोनों प्रत्याशियों के वोटों की संख्या 614-614 ही रही। चार बार की रिकाउंटिंग के बाद भी मुकाबले का नतीजा बराबर रहा।
लॉटरी से हुआ सरपंच पद का फैसला
चार बार रिकाउंटिंग के बाद भी जब दोनों प्रत्याशियों के वोट बराबर रहे, तो चुनाव नियमों के तहत लॉटरी के जरिए फैसला किया गया। दोनों प्रत्याशियों के नाम की पर्चियां डालकर लॉटरी निकाली गई। इसमें पूनम कुमारी का नाम निकला और उन्हें गालाबेरी ग्राम पंचायत का सरपंच निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
जानिए चुनाव के आंकड़े
- कुल पंजीकृत मतदाता: 1,359
- कुल पड़े वोट: 1,253
- निरस्त वोट: 22
- NOTA: 3
- महदू देवी: 614 वोट
- पूनम कुमारी: 614 वोट
- रिकाउंटिंग: 4 बार
इस तरह बाड़मेर की गालाबेरी ग्राम पंचायत का सरपंच चुनाव लंबे समय तक याद रखा जाएगा। जहां चार बार मतगणना के बाद भी जीत-हार का अंतर नहीं निकला और आखिरकार एक पर्ची ने सरपंच पद का फैसला कर दिया।