राजस्थान के जोधपुर में SI पद पर प्रमोशन के लिए फिजिकल टेस्ट देने आए ASI दुर्गाराम (50) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वे बाड़मेर के नेतराड़ गांव से परीक्षा देने आए थे और वर्तमान में गिराब पुलिस थाने में तैनात थे। दो किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद उनके सीने में तेज दर्द उठा। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से पुलिस महकमे और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर है।
प्रमोशन की परीक्षा देने पहुंचे थे जोधपुर
जानकारी के अनुसार, दुर्गाराम शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे मंडोर स्थित राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे थे। यहां SI पद पर प्रमोशन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही थी। उन्होंने परीक्षा के तहत दो किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली थी। इसके बाद उन्हें शारीरिक परीक्षा के अन्य चरणों में शामिल होना था।
दौड़ के बाद अचानक सीने में उठा दर्द
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:30 बजे दुर्गाराम के सीने में तेज दर्द हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी मंदिर हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
बाड़मेर के नेतराड़ गांव में पसरा मातम
ASI दुर्गाराम बाड़मेर जिले के नेतराड़ गांव के रहने वाले थे और गिराब पुलिस थाने में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। SI प्रमोशन की उम्मीद लेकर जोधपुर पहुंचे दुर्गाराम की अचानक मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक छा गया। उनके पैतृक गांव में भी मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।